बेलगावी। उत्तर कर्नाटक के यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए हुब्बली से जोधपुर, बाड़मेर, बीकानेर सहित राजस्थान के विभिन्न शहरों के लिए नई ट्रेन शुरू करने की माँग तेज हो गई है। इसी संदर्भ में बेलगावी के राजस्थानी समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने दक्षिण पश्चिम रेलवे उपयोगकर्ता परामर्श समिति (जेडआरयूसीसी) के सदस्य महेंद्र सिंघी से मुलाकात कर उन्हें रेलवे संबंधी माँगों का ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने माँग की कि हुब्बली–जोधपुर मार्ग पर कम से कम तीन माह के लिए त्योहार एवं समर स्पेशल ट्रेन चलाई जाए अथवा इस रूट पर नियमित ट्रेन सेवा आरंभ की जाए। उन्होंने बताया कि वर्तमान में बेंगलुरु से चलने वाली ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ रहती है, जिससे राजस्थान आने-जाने वाले यात्रियों को काफी कठिनाई का सामना करना पड़ता है।
समाज के सदस्यों ने बताया कि उत्तर कर्नाटक के बेलगावी, धारवाड़, हावेरी, गदग, कोप्पल, बागलकोट सहित अनेक जिलों से राजस्थान जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी अधिक है। ऐसे में हुब्बली से सीधी ट्रेन सेवा शुरू करना समय की आवश्यकता है, जिससे यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और आवागमन सुगम होगा।
इस अवसर पर विक्रम राजपुरोहित थांवला, हेमराज साथू, थानसिंह भागली, नरपतसिंह साकरना, रामेश्वर भाटी, महेंद्र भाटी, संतोष शर्मा, सुजाराम चौधरी, सुरेश जैन, विक्रम जैन, चंदन पुरोहित, अमृतलाल शर्मा, पूर्व जेडआरयूसीसी सदस्य एवं महावीर लिंब सेंटर के चेयरमैन गौतम गोलेच्छा, प्रवासी यात्री संघ कर्नाटक के प्रदेश महामंत्री सुभाष डंक सहित अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।
ज्ञापन स्वीकार करते हुए महेंद्र सिंघी ने आश्वासन दिया कि वे संबंधित अधिकारियों एवं रेलवे मंत्रालय से चर्चा कर इन माँगों को पूरा कराने का पूर्ण प्रयास करेंगे।

