Headlines

बेंगलूरु में गच्छाधिपति आचार्य श्री युगभूषणसूरिश्वरजी (पंडित महाराज) का भव्य नगर प्रवेश, भक्तों ने किया भावभरा स्वागत

Acharya Yugbhushansurishwarji Pandit Maharaj Bangalore Pravesh

टोल गेट, तुमकुर रोड स्थित पार्ले फैक्ट्री से भव्य शोभायात्रा के साथ विहार कर गच्छाधिपति आचार्य श्री युगभूषणसूरिश्वरजी पंडित महाराज एवं शताधिक साधु-साध्वी वृन्द का सेंकड़ों छःरी पालित संघ यात्रियों के साथ बेंगलूरु महानगर में भव्य मंगलमय नगर प्रवेश हुआ। गुणवर्धक श्वेताम्बर मूर्तिपूजक जैन संघ के तत्वावधान में छःरी पालित संघ की विशाल शोभायात्रा जयघोष के साथ महानगर के प्रमुख मार्गों से होकर निकली। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं पारंपरिक वेशभूषा में सम्मिलित हुए। शोभायात्रा गांधीनगर स्थित श्री जगवल्लभ पार्श्वनाथ जैन मंदिर पहुंची, जहां गच्छाधिपति आचार्य युगभूषणसूरिश्वरजी आदि ठाणा एवं साध्वी कलानिधिश्रीजी आदि ठाणा का पदार्पण हुआ। गुणवर्धक श्वेताम्बर मूर्तिपूजक जैन संघ के ट्रस्टी विमलचंदजी गादिया, दिलीपकुमारजी पिरगल, उमेशभाई शाह, सोहनजी बोहरा, भावेशभाई शाह, रमेशकुमारजी हरण, अशोकजी सेठ, विजयराजजी तलेसरा, सुरेशकुमारजी सेठ, सुरेशभाई, जयंतीलालजी मल्लेशा, कल्पेशजी चौहान, भरतजी बागरेचा, उत्तमचंदजी पालरेचा, ओमजी जैविनजी जैन, संजयजी बांठिया, कांतिलालजी गांधी मुथा ने गुरु भगवंतो की अगवानी की। गांधीनगर मंदिर के ट्रस्टी दीपकभाई शाह ने गुरु वंदना प्रस्तुत की।

प्रवचन सभा में आचार्य युगभूषणसूरिश्वरजी ने कहा कि संघ की एकता और सामूहिक शक्ति से ही जिनशासन की प्रभावना एवं संरक्षण संभव हो पाता है। साधु-साध्वियों का विहार और नगर प्रवेश जन-जन में धर्म जागृति, सदाचार और संयम का संदेश प्रसारित करता है। संघ यात्राएं समाज में परस्पर प्रेम, सद्भाव, अनुशासन और धर्म के प्रति समर्पण की भावना को सुदृढ़ करती हैं। साधु – साध्वी त्याग और आत्मकल्याण के पथ के प्रेरणास्रोत हैं, जिनके सानिध्य में समाज को आध्यात्मिक दिशा प्राप्त होती है। उन्होंने उपाश्रय भवनों को धर्म, स्वाध्याय, सामायिक, प्रतिक्रमण और संस्कारों का केंद्र बताया। उपाश्रयों में धर्म की प्रभावना, संस्कारों का संवर्धन और आने वाली पीढ़ियों का उज्ज्वल धर्ममय जीवन निर्मित होता है। प्रसिद्ध संगीतकार भावेशभाई मोदी टीम ने भावपूर्ण भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर समाज के गणमान्यजनों सहित बड़ी संख्या में श्रावक-श्राविकाएं उपस्थित थे।


ट्रस्टी दिलीपजी पिरगल ने जानकारी देते हुए बताया कि गच्छाधिपति युगभूषणसूरीश्वरजी एवं शताधिक साधु-साध्वी की निश्रा में गुरुवार 18 जून को प्रातः 7:30 बजे कनकपुरा रोड, बसवनगुडी स्थित नव-निर्मित गुणवर्धक उपाश्रय का भव्य उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा। शुक्रवार 19 जून को प्रातः 10 बजे वी.वी. पुरम स्थित महावीर धर्मशाला में छःरी पालित संघ यात्रियों का संघ माला महोत्सव का विशाल आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उपस्थित रहने की संभावना है।

Acharya Yugbhushansurishwarji Pandit Maharaj Bangalore Pravesh