सोच में ऊँचाई, सपनों में उड़ान, परिश्रम से गढ़ी विशिष्ट पहचान । सेवा में समर्पण, संस्कारों की शान, वही जीवन कहलाता है महान ।
संस्कारयुक्त सफलता के प्रेरक, उदारमना और कुशल नैतृत्व क्षमता के धनी तन, मन, धन के साथ शासन सेवा में समर्पित अनमोल रत्न राजकुमारजी पुष्पराजजी कोठारी
जिनेश्वर प्रभु पर अटूट श्रद्धा, भारतीय संस्कृति के उज्ज्वल संस्कार और आधुनिक युग की व्यावसायिक दक्षता इन तीनों का जो अद्भुत समन्वय एक ही व्यक्तित्व में साकार रूप में दृष्टिगोचर होता है, वे हैं राजकुमारजी कोठारी। आप उन विरल व्यक्तित्वों में से हैं, जिनके जीवन में धर्म आचरण बनकर, व्यवहार संस्कार बनकर और सफलता सेवा बनकर प्रकट होती है। सादगी, सौम्यता और सद्भाव आपके जीवन के आभूषण हैं। मरुधरा की पुण्यभूमि आऊवा के मूल निवासी, सुप्रतिष्ठित कोठारी परिवार के धर्मनिष्ठ श्रावकरत्न पुष्पराजजी – सुश्राविका शांतादेवीजी कोठारी (गादिया) के गृह आंगन में, मुंबई महानगर में आपका जन्म हुआ। पिताश्री से आपको परिश्रम, धैर्य और दूरदृष्टि की समृद्ध विरासत प्राप्त हुई, वही मातृश्री से धार्मिक संस्कार, श्रद्धा और करुणा का अमूल्य उपहार मिला। यही कारण है कि बचपन से ही आपके व्यक्तित्व में गंभीरता, शालीनता और संतुलन के गुण सहज रूप से विकसित होते चले गए।
शिक्षा – विवेक और विकास की आधारशिला
शिक्षा को आपने प्रज्ञा, विवेक और सर्वांगीण विकास का माध्यम माना। बचपन से ही अध्ययन में निपुण राजकुमारजी कोठारी ने पुणे विश्वविद्यालय से MBA (PG) की उच्च शिक्षा प्राप्त कर आधुनिक प्रबंधन, नेतृत्व और संगठन क्षमता को आत्मसात किया। आपकी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा ने आपके व्यावसायिक जीवन को दिशा देने के साथ ही समाज एवं संस्थाओं के संचालन में भी आपकी दूरदर्शी सोच को सुदृढ़ आधार प्रदान किया आपका विवाह आऊवा के मूल निवासी श्रेष्ठिवर्य मंगलचंदजी सवितादेवी पावेछा की गुणवान सुपुत्री स्नेहाजी के साथ संपन्न हुआ।
परिश्रम, और सफलता की यात्रा
वर्ष 1991 में आपके पिताश्री द्वारा विशाखापट्टनम में स्थापित Multi Star Electricals से आपके व्यवसायिक जीवन का शुभारंभ हुआ। यहीं से आपने व्यापार कौशल सीखे और विश्वास, गुणवत्ता, पारदर्शिता और मधुर व्यवहार को व्यवसाय के आधार के रूप में स्वीकार किया।
वर्ष 2009 में बेंगलूरु में आपने अपने सशक्त नेतृत्व, दूरदृष्टि एवं दृढ़ संकल्प के साथ Multi Star Electricals की स्थापना की। आज Multi Star Group की विभिन्न इकाइयाँ Multi Star Electricals, Multi Star Ceramics, Multi Star Jewels (Tanishq) एवं Multi Star Ventures आपकी अद्भुत प्रबंधन क्षमता, नैतिक व्यापार मूल्यों और दीर्घकालिक मार्गदर्शन में सफलता के साथ संचालित हो रही हैं।
संस्कारों से सुसज्जित परिवार
राजकुमारजी कोठारी का पारिवारिक जीवन अत्यंत सुसंस्कारित, स्नेहपूर्ण एवं आदर्श है। आपकी चारों बहनें सुनीताजी राजेन्द्रजी सोमावत (सिरियारी – बेंगलूरु), अनिताजी-सुमनजी पिरगल, (बाँता रघुनाथगढ़-बेंगलूरु), नीलमजी-संजयजी सांड, देशनोक बेंगलूरु), रेखाजी-तरुणजी सुराणा, (पिड़ियारा विशाखापट्टनम) अपने-अपने परिवारों सहित सामाजिक एवं धार्मिक जीवन में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
आपके ज्येष्ठ सुपुत्र राहुलजी का विवाह, सुप्रसिद्ध उद्योगपति CIPLA के प्रमुख ओमप्रकाशजी-प्रभादेवी पालरेचा (मांडवला, बेंगलूरु) की गुणवान सुपुत्री करिश्माजी के साथ संपन्न हुआ।
आपके कनिष्ठ सुपुत्र ऋषभजी का विवाह सुप्रसिद्ध स्वर्णाभूषण व्यवसायी पंचकेसरी बडेरा ज्वेलर्स के अशोकजी-दयाजी बडेरा (दुंधाड़ा, बेंगलूरु) की सुपुत्री आशाजी के साथ संपन्न हुआ। आपके पौत्र विवान एवं पौत्री पूर्वी आपके संस्कारों की सजीव धरोहर हैं।
जिनशासन के प्रति अटूट श्रद्धा और समर्पण
आपके लिए धर्म उपासना और जीवन पद्धति दोनों है। आप आचार्य भगवंतों की अहर्निश सेवा में तत्पर रहते हैं। साधु-साध्वी भगवंतों को आप संपूर्ण मानवता के सच्चे पथप्रदर्शक मानते हैं और जिनशासन की प्रभावना को अपना कर्तव्य समझते हैं।
मिलनसार और प्रेरक व्यक्तित्व आप गुणानुरागी हैं। सभी को सम्मान देते हैं। एक दूसरे का उत्साहवर्धन करते हैं। आपका मधुर व्यवहार, मिलनसार स्वभाव, विनम्र संवाद शैली और सकारात्मक दृष्टिकोण प्रत्येक व्यक्ति के मन में स्थायी स्थान बना लेता है। आप कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलते हैं और नेतृत्व को सेवा का माध्यम मानते हैं।
आप एक सफल उद्योगपति होने के साथ-साथ युवाओं के मार्गदर्शक और आगामी पीढ़ी के प्रेरणास्तंभ हैं।
आपका जीवन केवल व्यक्तिगत उन्नति की गाथा नहीं, बल्कि जिनशासन और समाज के प्रति समर्पण का सजीव उदाहरण है।
दायित्व निर्वहन
आप JITO के FCP MEMBER हैं तथा JITO Bangalore South के Vice Chairman के रूप में युवा वर्ग को सेवा, नेतृत्व, सुदृढ़ समाज एवं राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित कर रहे हैं। प्रवासी समाज को एक सूत्र में बाँधने वाली संस्था राजस्थान संघ कर्नाटक के आप आजीवन सदस्य भी हैं।
धार्मिक, समाजिक और सेवाकार्यों में विराट योगदान
ट्रस्टी : श्री सीमंधर शांतिसूरी जैन मंदिर, वी.वी. पुरम
ट्रस्टी : श्री सीमंधर शांतिसूरी जैन मंदिर, एवेन्यू रोड
ट्रस्टी : भगवान श्री पार्श्वनाथ जैन ट्रस्ट, स्वासा होम्स, बुलटेम्पल रोड
ट्रस्टी : सम्यक ग्रुप
सहयोगी : पार्श्वशांति भंडारी भवन, जयनगर
मुख्य लाभार्थी : कल्याण मित्र परिवार द्वारा आयोजित पालीताणा संघ यात्रा
संपूर्ण आयोजनकर्ता : वर्ष 2016 में श्री पार्श्व सुशील धाम में आयोजित उपधान तप
वर्ष 2022 में पुष्पराजजी – शांतादेवीजी कोठारी की स्वर्णसिद्धि (जीवित महोत्सव)
वर्ष 2020 में चिकपेट संघ के आदिशताब्दी महोत्सव में विविध लाभार्थी
संभवनाथ जैन मंदिर, वी.वी. पुरम में श्रीमती शांतिपुष्प उपाश्रय हॉल के लाभार्थी
बेंगलूरु के दोनों JITO Girls Hostel के सहयोगी
गोडवाड़ भवन के सहयोगी सदस्य एवं अनेक योजनाओं में लाभार्थी
संभवनाथ जैन भवन, वी.वी. पुरम में कमरे के सहयोगी
आऊवा (राज.) में भैरव जैन भोजनशाला का निर्माण कर संघ को सुपुर्द किया
इन सभी कार्यों में विपुल सहयोग समाज एवं धर्म के प्रति आपकी उच्च भावना, उदार एवं विशाल हृदय को दर्शाता है।
जैन समय ‘अनमोल रत्न’ राजकुमारजी कोठारी
राजकुमारजी को मित्रों के साथ बैठने, खाना खाने और वार्तालाप करने में असीम आनन्द की अनुभूति होती है। आप में पदलिप्सा लेशमात्र भी नहीं है जिससे सबके हृदय में सहज ही आपने विशेष स्थान निर्मित किया है। जैन समय के ‘अनमोल रत्न’ राजकुमारजी कोठारी की रग – रग में जैन धर्म की प्रभावना की प्रबलतम भावना है। जैन समय के विश्व व्यापी धर्मप्रचार अभियान को गति देने हेतु आपने जैन समय के स्तंभ सहयोगी बनकर हमारे उत्साह को अनेक गुणा बढ़ाया है। हम कोठारी परिवार के लिये सर्वसुखमय जीवन की यशस्वी मंगलकामनायें करते हुए शत शत आभार प्रदर्शित करते हैं।
Rajkumarji Kothari Multistar Electricals

